Blog
मधुबनी के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार, MSME मंत्री से मिले विधायक माधव आनंद
मधुबनी के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार, MSME मंत्री से मिले विधायक माधव आनंद
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज

मधुबनी/नई दिल्ली, 02 जून 2026:
मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक माधव आनंद ने अपने दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री जीतन राम मांझी से मुलाकात कर जिले के औद्योगिक, आर्थिक एवं कौशल विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
इस दौरान विधायक ने मधुबनी को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना में शामिल करने की मांग उठाई। उन्होंने मंत्री को सौंपे गए प्रतिनिधित्व में मधुबनी पेंटिंग, स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उद्योगों और स्वरोजगार की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए जिले को इस योजना से जोड़ने का आग्रह किया।
विधायक माधव आनंद ने कहा कि ODOP योजना के तहत मधुबनी को शामिल किए जाने से स्थानीय कारीगरों, महिला उद्यमियों, युवाओं और लघु उद्योगों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच मिलेगी। इससे स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
बैठक में विधायक ने मधुबनी में MSME एक्सटेंशन सेंटर/टेक्निकल सेंटर की स्थापना की मांग भी रखी। इस पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।
माधव आनंद ने कहा कि इस केंद्र की स्थापना से युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण, कौशल विकास, उद्यमिता संवर्धन और स्टार्टअप से जुड़ी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। साथ ही सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को तकनीकी सहायता और विशेषज्ञ मार्गदर्शन भी मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि मधुबनी में प्रतिभाशाली युवा, मेहनतकश कारीगर और उद्यमशील लोग हैं। यदि उन्हें उचित संसाधन और संस्थागत सहयोग मिले तो जिला औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई पहचान बना सकता है। विधायक ने भरोसा जताया कि ODOP योजना और MSME टेक्निकल सेंटर की स्थापना से मधुबनी के आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी तथा युवाओं के पलायन में भी कमी आएगी।
