राजनगर में जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और लूट का आरोप, पीड़ित ने थाने में दिया आवेदन
राजनगर। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दीपक कुमार पासवान ने जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट, पिस्टल दिखाकर धमकी देने और लूटपाट का आरोप लगाते हुए राजनगर थाना में लिखित शिकायत दी है। शिकायत में उन्होंने मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाने में दिए आवेदन के अनुसार, दीपक कुमार पासवान ने बताया कि 30 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7 बजे अजय चौरसिया नामक युवक ने फोन कर उसे एक स्थान पर बुलाया। वहां पहुंचने पर अजय चौधरी कथित रूप से हाथ में पिस्टल लिए खड़ा था। आरोप है कि पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई और मोबाइल छीनकर तोड़ दिया गया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद अजय चौरसिया के अन्य साथियों ने उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी के साथ भी कथित तौर पर मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान उसकी पत्नी के कान में पहने आभूषण को भी खींचकर ले जाने का आरोप लगाया गया है।
आवेदन में आगे बताया गया है कि आरोपितों ने उसकी पत्नी के गले से करीब 50 से 60 हजार रुपये मूल्य का सोने का मंगलसूत्र भी छीन लिया। घटना के दौरान शिकायतकर्ता को चोटें आने की बात भी आवेदन में कही गई है।
दीपक कुमार पासवान ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

