खंगरैठा स्टेडियम पर सियासत तेज: बचौल का विधायक आसिफ अहमद पर निशाना
रिपोर्ट- MithilaTak News, चन्द्र मोहन चौधरी
मधुबनी :-
जिले के बिस्फी प्रखंड के खंगरैठा में प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने वर्तमान विधायक आसिफ अहमद पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है।

बचौल ने कहा कि स्टेडियम निर्माण का श्रेय लेने के लिए विधायक झूठी बातें फैला रहे हैं, जो बिस्फी की जनता का अपमान है। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में ही स्टेडियम निर्माण के लिए दो बार टेंडर जारी किए गए थे—पहली बार 20 मार्च 2025 को और दूसरी बार 29 अप्रैल 2025 को।
पूर्व विधायक ने सवाल उठाया कि जब वित्तीय वर्ष अप्रैल 2026 से शुरू हो रहा है, तो ऐसे में वर्तमान विधायक द्वारा स्टेडियम की नींव रखने का क्या औचित्य है। उन्होंने यह भी कहा कि विधायक के पिता और सांसद फैयाज अहमद, जो लंबे समय तक विधायक रहे, उन्होंने भी अपने कार्यकाल में इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की।
बचौल ने अंत में कहा कि बिस्फी की जनता सब कुछ समझती है। उन्होंने विधायक से अपील की कि वे विकास कार्यों पर ध्यान दें। साथ ही यह भी कहा कि क्षेत्र के विकास में उनका सहयोग हमेशा रहेगा, लेकिन जनता को भ्रमित करने का काम बंद होना चाहिए।
