महिलाओं की स्वच्छता और स्वास्थ्य के लिए फाउंडेशन के साथ खड़े हैं विधायक माधव आनंद
मधुबनी। मध्यमंत्रा फाउंडेशन के तत्वावधान में नगर विधायक माधव आनंद के सहयोग से चलाए जा रहे सैनिटरी पैड जागरूकता एवं वितरण अभियान के तहत बुधवार को शहर के जलधारी चौक स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल में छात्राओं के बीच सैनिटरी पैड का वितरण किया गया। इस दौरान करीब 250 सैनिटरी पैड छात्राओं को उपलब्ध कराए गए।

कार्यक्रम के दौरान मध्यमंत्रा फाउंडेशन की संचालिका किरण झा ने छात्राओं से संवाद करते हुए मासिक धर्म से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पीरियड्स एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए इसे लेकर किसी भी तरह की झिझक या शर्म महसूस नहीं करनी चाहिए। फाउंडेशन की सदस्य ने छात्राओं से अपील की कि यदि किसी सहपाठी के कपड़े पर पीरियड्स का दाग दिखाई दे तो उसका मजाक उड़ाने या उसका मनोबल तोड़ने के बजाय उसका सहयोग करें। साथ ही उसे स्वच्छता और सैनिटरी पैड के सही इस्तेमाल के बारे में जानकारी दें।
स्कूल की प्राचार्य किरण वर्मा ने मध्यमंत्रा फाउंडेशन के सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सैनिटरी पैड वितरण के साथ मासिक धर्म को लेकर जागरूकता फैलाना बेहद सराहनीय पहल है। ऐसे कार्यक्रमों से छात्राओं को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक होने के साथ समाज में भी इस विषय पर खुलकर बात करने का माहौल मिलता है।
नवमी कक्षा की छात्रा जूही कुमारी ने कहा कि पीरियड्स सभी लड़कियों के जीवन की एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। इस दौरान स्वच्छता का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें इस विषय की जानकारी और अधिक मजबूती से मिली है।
दसवीं कक्षा की छात्राओं रिया कुमारी और श्रुति कुमारी ने कहा कि वे आगे अपने से जूनियर छात्राओं को भी मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगी और जरूरत पड़ने पर उनका सहयोग करेंगी।

कार्यक्रम में छात्राओं ने नगर विधायक माधव आनंद के प्रति भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं और छात्राओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर जागरूकता फैलाने की यह पहल सराहनीय है।
इस अवसर पर फाउंडेशन की सदस्य सुनीता गुप्ता, किरण वर्मा, मनीष लाल, सरोज झा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
