मधुबनी में ग्रामीण सड़कों और कनेक्टिविटी को लेकर विधायक माधव आनंद ने मंत्री से की मुलाकात
पटना। मधुबनी विधानसभा क्षेत्र-36 में ग्रामीण सड़कों, आवागमन और बेहतर कनेक्टिविटी को लेकर विधायक एवं बिहार विधानसभा की शून्यकाल समिति के सभापति माधव आनंद ने पटना में ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सुनील कुमार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण सड़क विकास से संबंधित तीन महत्वपूर्ण प्रतिवेदन मंत्री को सौंपे।

विधायक ने रहिका प्रखंड की विभिन्न ग्रामीण सड़कों को मुख्यमंत्री सड़क संपर्क योजना के तहत पक्कीकरण कराने की मांग रखी। इसके साथ ही मधुबनी विधानसभा क्षेत्र में अनुरक्षण अवधि से बाहर हो चुके एवं जर्जर पथों की आवश्यक स्वीकृति प्रदान कर निर्माण और पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराने तथा पंडौल प्रखंड की महत्वपूर्ण ग्रामीण सड़कों के पक्कीकरण, निर्माण एवं गांवों के बीच बेहतर सड़क संपर्क स्थापित करने को लेकर भी प्रतिवेदन सौंपा।
माधव आनंद ने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की जीवनरेखा हैं। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से गांवों को स्कूल, अस्पताल, बाजार, रोजगार और विकास के अवसरों से जोड़ने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री सुनील कुमार ने तीनों प्रतिवेदनों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि कई महत्वपूर्ण सड़क योजनाओं को इसी वर्ष स्वीकृति देकर कार्यान्वित कराने का प्रयास किया जाएगा, जबकि शेष योजनाओं को अगले वर्ष स्वीकृति देने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।
मंत्री के आश्वासन के बाद विधायक माधव आनंद ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि मधुबनी के विकास से जुड़े मुद्दों पर उन्हें पूर्व में भी मंत्री का सहयोग और मार्गदर्शन मिलता रहा है।
माधव आनंद ने कहा, “जनता का भरोसा मेरे लिए सबसे बड़ी पूंजी और सबसे बड़ी जवाबदेही है। मधुबनी के गांव-गांव तक बेहतर सड़क, सुगम आवागमन और मजबूत कनेक्टिविटी पहुंचाने के लिए मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निरंतर प्रयास करता रहूंगा।”
