शून्यकाल समिति की बैठक में स्वास्थ्य एवं नगर विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
पटना।

बिहार विधानसभा के विस्तारित भवन स्थित समिति हॉल में गुरुवार को बिहार विधानसभा की शून्यकाल समिति की विभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मधुबनी विधायक एवं शून्यकाल समिति के सभापति माधव आनंद ने की।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग से संबंधित लंबित शून्यकाल सूचनाओं, जनहित के महत्वपूर्ण मामलों और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समिति ने विभागीय अधिकारियों से लंबित मामलों की अद्यतन जानकारी प्राप्त की तथा जनता से जुड़े मुद्दों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक के दौरान राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने, सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता तथा आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा हुई। वहीं नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में सड़क, नाला, जल निकासी, स्वच्छता, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई।
समिति ने अधिकारियों को विकास योजनाओं में तेजी लाने तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में मधुबनी विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य एवं शहरी विकास परियोजनाओं, लंबित कार्यों और प्रस्तावित योजनाओं पर भी विशेष चर्चा हुई।

बैठक के बाद माधव आनंद ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों का प्रभावी समाधान और विकास योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समिति सदस्यों और अधिकारियों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
