घाट निर्माण में लापरवाही का आरोप,ग्रामीणों ने उठाए सवाल
रिपोर्ट:-चन्द्र मोहन चौधरी
मधुबनी/बिस्फी। बिस्फी प्रखंड की सिंघिया पश्चिमी और सादुलपुर पंचायत में अधवारा समूह की धौंस नदी पर सिंघिया पुल के पास पंचायत स्तर से घाट का निर्माण कराया गया है। दोनों पंचायतों के मुखिया ने अपनी-अपनी योजनाओं के तहत घाट का निर्माण कराया, लेकिन निर्माण के बाद सुरक्षा के लिए रेलिंग नहीं लगाई गई। वहीं, ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि नदी किनारे बने घाट पर रेलिंग नहीं होने से लोगों के नदी में गिरने का खतरा बना रहता है। खासकर स्नान, छठ पूजा और अन्य पर्वों के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि घाट निर्माण में भी गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। रेलिंग के अभाव का खामियाजा करीब एक सप्ताह पूर्व सादुलपुर घाट पर एक बालक को भुगतना पड़ा, जिसकी नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद दोनों पंचायतों के ग्रामीणों में आक्रोश है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों से दोनों घाटों पर तत्काल मजबूत रेलिंग लगाने, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
