मधुबनी में सावन के रंग में रंगा मैथिलानी समूह का महोत्सव
मधुबनी। मिथिला की लोक संस्कृति, परंपरा और महिला शक्ति को समर्पित मधुबनी मैथिलानी समूह की ओर से सावन महोत्सव एवं महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समूह के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में पहुंचकर सावन के गीतों, लोकनृत्य और झूले का आनंद लिया।
कार्यक्रम स्थल को मेहंदी, सिंदूर और मिथिला पेंटिंग की आकर्षक सजावट से सजाया गया था। महिलाओं ने सावनी और लोकगीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को उत्सवमय बना दिया। इस दौरान सावन क्वीन प्रतियोगिता, मिथिला के पारंपरिक व्यंजनों और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन हुआ। सामाजिक एवं रचनात्मक क्षेत्र में बेहतर योगदान देने वाली महिलाओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
मैथिलानी समूह की संस्थापिका डॉ. अनीता झा ने कहा कि सावन मिथिला की संस्कृति में प्रकृति, प्रेम और नारी शक्ति से जुड़ा विशेष पर्व है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को अपनी संस्कृति से जुड़ने और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि समूह महिलाओं को एकजुट करने के साथ रक्तदान, घरेलू रोजगार को बढ़ावा देने और दहेज मुक्त विवाह जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में संचालिका पिंकी भारद्वाज, संयोजक सोना झा, रेखा झा, प्रिया झा, रीना सर्राफ, सबिता झा, कुमकुम, रूबी, चांदनी, ज्योति सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। अंत में महिलाओं ने एक-दूसरे को सावन की शुभकामनाएं दीं।
