सकरी और रैयाम के बाद अब लोहट में नई चीनी मिल की पहल तेज, विधायक माधव आनंद ने मुख्यमंत्री को सौंपा प्रतिवेदन
मधुबनी, 2 सितंबर 2026।
मधुबनी विधानसभा क्षेत्र में बंद पड़ी चीनी मिलों के पुनरुद्धार के साथ अब लोहट क्षेत्र में नई चीनी मिल स्थापित कराने की पहल तेज हो गई है। विधायक माधव आनंद ने लोहट क्षेत्र में नई चीनी मिल की स्थापना को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लिखित प्रतिवेदन सौंपा है। विधायक के अनुसार, मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से उनके प्रतिवेदन के संबंध में लिखित जवाब भी प्राप्त हुआ है।

विधायक ने बताया कि सकरी और रैयाम चीनी मिल के पुनः संचालन का मुद्दा उन्होंने विधानसभा में लगातार उठाया है। इसके अलावा गन्ना मंत्री और मुख्यमंत्री से कई बार मुलाकात कर इस विषय को रखा गया। उनके मुताबिक, इन प्रयासों के बाद दोनों चीनी मिलों के पुनः संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय हुए हैं।

अब विधायक ने लोहट क्षेत्र में नई चीनी मिल स्थापित कराने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि पुरानी लोहट चीनी मिल की भूमि और औद्योगिक स्वरूप में बदलाव हो चुका है, इसलिए क्षेत्र में नई चीनी मिल स्थापित करना बेहतर विकल्प है।
माधव आनंद ने कहा कि नई चीनी मिल से क्षेत्र के गन्ना किसानों को बाजार उपलब्ध होगा, युवाओं और मजदूरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा, “सकरी और रैयाम के बाद मेरा अगला प्रयास लोहट क्षेत्र में नई चीनी मिल की स्थापना का है। जब तक इस दिशा में ठोस परिणाम नहीं मिलता, मैं पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास करता रहूंगा।”
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री को सौंपे गए प्रतिवेदन और मुख्यमंत्री कार्यालय से मिले जवाब की प्रतियां भी सार्वजनिक की जा रही हैं, ताकि मामले की स्थिति जनता के सामने प्रमाण सहित स्पष्ट रहे।
