पूर्व एमएलसी बिनोद कुमार सिंह ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा, बिहार नेतृत्व पर लगाए गंभीर आरोप
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
मधुबनी। बिहार विधान परिषद के पूर्व सदस्य (एमएलसी) बिनोद कुमार सिंह ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। लगभग एक वर्ष पहले जनता दल (यू) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए विनोद कुमार सिंह ने पार्टी की कार्यशैली और बिहार नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपना इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और महासचिव के.सी. वेणुगोपाल को ई-मेल के माध्यम से भेजा है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस में युवा नेतृत्व को देखते हुए उन्होंने पार्टी का दामन थामा था और उन्हें उम्मीद थी कि बिहार में पार्टी मजबूत होगी। लेकिन विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट वितरण में योग्यता और जनाधार की अनदेखी कर आर्थिक आधार को प्राथमिकता दी गई, जिससे पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार कांग्रेस नेतृत्व ने टिकट वितरण में पारदर्शिता नहीं बरती, जिसके कारण कांग्रेस विधानसभा चुनाव में केवल छह सीटों तक सिमट गई। उन्होंने तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार, वरिष्ठ नेता शकील अहमद खान तथा सीमांचल के एक प्रभावशाली नेता की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका दावा है कि चुनाव के बाद उन्होंने के.सी. वेणुगोपाल से मिलकर बिहार नेतृत्व बदलने की मांग की थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बिनोद कुमार सिंह ने कहा कि बिहार में कांग्रेस की स्थिति कई क्षेत्रीय दलों से भी कमजोर हो गई है। इस्तीफे के बाद उन्होंने स्वयं को “राजनीतिक रूप से मुक्त” महसूस करने की बात कही। हालांकि उन्होंने फिलहाल किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने से इनकार करते हुए कहा कि समर्थकों और सहयोगियों से चर्चा के बाद ही अपने अगले राजनीतिक कदम का निर्णय लेंगे।
