रुद्रपुर थानाध्यक्ष मंजूला मिश्रा को मिथिला धाम ने किया सम्मानित, प्रशस्ति-पत्र देकर की सराहना
मधुबनी संवाददाता
रुद्रपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रुद्रपुर थानाध्यक्ष मंजूला मिश्रा को मिथिला धाम परिवार की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें प्रशस्ति-पत्र भेंट कर उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की गई।
मिथिला धाम परिवार ने अपने सम्मान-पत्र में कहा कि थानाध्यक्ष मंजूला मिश्रा ने अपने कार्यकाल में ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कानून व्यवस्था को मजबूत किया है। उनकी कार्यशैली समाज के लिए प्रेरणादायक है और आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सम्मान समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मंजूला मिश्रा ने अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित किया है। महिला सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई के कारण क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान बनी है।
कई मामलों का किया सफल उद्भेदन
पदभार संभालने के बाद से रुद्रपुर थाना क्षेत्र में शराब तस्करी, अवैध हथियारों की बरामदगी, चोरी, छिनतई तथा मंदिर चढ़ावे के विवाद में रची गई हत्या की साजिश जैसे कई मामलों का सफलतापूर्वक उद्भेदन कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी सख्ती और निष्पक्ष कार्रवाई से अपराधियों में पुलिस का भय तथा आम जनता में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

मिथिला धाम परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर प्रगति की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ समाज की सेवा करती रहें और अन्य अधिकारियों के लिए प्रेरणा बनें। सम्मान समारोह के बाद स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कर्मठ अधिकारियों का सम्मान समाज में सकारात्मक संदेश देता है।

