रेलवे की बैठक में गूंजा मधुबनी–कमतौल–जयनगर क्षेत्र के रेल यात्रियों की समस्याओं का मुद्दा
परामर्शदात्री समिति की बैठक में सदस्य विष्णुदेव सिंह यादव को सम्मानित करते रेलवे के. अधिकारी
रिपोर्ट:- चन्द्र मोहन चौधरी
| मधुबनी ||
समस्तीपुर मंडल पूर्व मध्य रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य एवं राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि विष्णुदेव सिंह यादव ने रेल महाप्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मधुबनी, कमतौल, जयनगर और दरभंगा संसदीय क्षेत्र के रेल यात्रियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
उन्होंने मधुबनी स्टेशन परिसर में जलजमाव, खराब पेयजल कूलर, प्लेटफॉर्मों पर यात्री शेड, गुमटी संख्या 11 एवं 13 पर ओवरब्रिज, पार्सल सेवा पुनः शुरू करने, कुली शेड और बैट्री चालित कार सेवा बहाल करने की मांग की। साथ ही जयनगर–पटना इंटरसिटी एवं नमो ट्रेन का लहेरियासराय स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
कमतौल स्टेशन पर बंद शौचालय की मरम्मत, प्लेटफॉर्मों के उच्चीकरण तथा दुधैल गांव के पास बंद रेलवे फाटक को खोलने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा दरभंगा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने, एसी कोच जोड़ने, जोगवनी–रक्सौल एवं जयनगर–रक्सौल ट्रेनों की समय-सारिणी में सुधार तथा कमतौल, जोगियारा और पुपरी में ठहराव देने का प्रस्ताव रखा गया। दरभंगा–सीतामढ़ी–रक्सौल मार्ग पर रात लगभग 10 बजे नई ट्रेन चलाने की आवश्यकता भी बताई गई।
बैठक में वर्ष 2008-09 में प्रस्तावित मधुबनी–कमतौल नई रेल लाइन सर्वे को आगे बढ़ाने का भी अनुरोध किया गया। इस अवसर पर वरीय मंडल रेल वाणिज्य प्रबंधक अनन्या स्मृति सहित अन्य अधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
