जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता : माधव आनंद
मधुबनी संवाददाता | मधुबनी
मधुबनी नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक माधव आनंद ने शनिवार को जिला अतिथि गृह, मधुबनी में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं विकास संबंधी मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न पंचायतों एवं नगर क्षेत्रों से पहुंचे 150 से अधिक लोगों ने अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।

जनता दर्शन के दौरान नागरिकों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, सामाजिक सुरक्षा, आवास, पेंशन सहित अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर विधायक का ध्यान आकृष्ट कराया। कई लोगों ने क्षेत्र के विकास को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
विधायक माधव आनंद ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि “जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है और उसी विश्वास पर खरा उतरना मेरा दायित्व है।”
उन्होंने कहा कि जनता दर्शन केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि आम लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर विकास की दिशा तय करने का सशक्त माध्यम है। जनता द्वारा दिए गए सुझावों को योजनाओं में शामिल कर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य किया जाएगा।
माधव आनंद ने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र में भी मधुबनी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पेयजल तथा अन्य जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा, ताकि लोगों की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।
जनता दर्शन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, किसान, वरिष्ठ नागरिक, व्यापारी एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे और विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं एवं अपेक्षाएं रखीं। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने सभी लोगों को आश्वस्त किया कि जनसेवा और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी।
