भाजपा के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, चंदा संग्रह मामले की निष्पक्ष जांच की मांग
मधुबनी। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर गुरुवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, मधुबनी में जिला कांग्रेस कमेटी पूर्वी के अध्यक्ष नलिनी रंजन झा के नेतृत्व में भाजपा के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राम मंदिर के नाम पर हुए चंदा संग्रह में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए इसकी निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए नलिनी रंजन झा ने कहा कि आस्था भारतीय समाज की सबसे बड़ी ताकत है और इसका किसी भी प्रकार के राजनीतिक या आर्थिक लाभ के लिए उपयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि चंदा संग्रह में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी पारदर्शी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि जनता की धार्मिक आस्था किसी भी राजनीतिक दल की निजी संपत्ति नहीं बन सकती। वहीं टेकनाथ पाठक ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के विश्वास की रक्षा करना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।
प्रदर्शन में प्रखंड अध्यक्ष परीक्षण यादव, अजय साह, मिहिर झा, सुनील झा, निधि झा, कपिल झा, अनिल चंद्र झा, कुमुद रंजन राय, सुशील झा, अकिल अंजुम, अभिषेक झा, विजय कृष्ण झा, आलोक कुमार, बैद्यनाथ यादव, सुमित कुमार, गुड्डू साह, बचनू मंडल, नंद किशोर चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, पारदर्शिता और जनविश्वास की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
