बिस्फी में डिग्री कॉलेज का शुभारंभ, उत्सवी माहौल में मनाया गया ऐतिहासिक दिन
पाग-चादर से अतिथियों का सम्मान, अब घर के पास मिलेगी उच्च शिक्षा की सुविधा
रिपोर्ट:- चन्द्र मोहन चौधरी
बिस्फी (मधुबनी): बिस्फी प्रखंडवासियों के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब वर्षों से लंबित डिग्री कॉलेज का सपना आखिरकार साकार हो गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा राज्य के 211 नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों की शुरुआत के साथ बिस्फी डिग्री कॉलेज का भी विधिवत उद्घाटन किया गया।

मुख्यमंत्री के वर्चुअल उद्घाटन के बाद स्थानीय स्तर पर आयोजित समारोह में राजद विधायक आसिफ अहमद, प्रभारी प्राचार्य डॉ. फूलों पासवान, बीडीओ बसंत कुमार सिंह, सीओ संतोष कुमार सिंह, बीपीआरओ शेखर कुमार, सांसद प्रतिनिधि विष्णुदेव यादव सहित अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर कॉलेज का उद्घाटन किया। कार्यक्रम स्थल पर उत्सव जैसा माहौल रहा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
समारोह के दौरान आगत अतिथियों को मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग और चादर भेंट कर सम्मानित किया गया। कॉलेज में प्रारंभिक चरण में हिन्दी, इतिहास और राजनीति शास्त्र विषयों में पढ़ाई शुरू की जाएगी।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. फूलों पासवान ने कहा कि यह बिस्फी के लोगों के लिए गौरव का क्षण है। अब यहां के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए मधुबनी, दरभंगा या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। विशेष रूप से बेटियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि उन्हें दूर जाकर पढ़ाई करने की मजबूरी नहीं रहेगी।
सांसद प्रतिनिधि विष्णुदेव यादव ने कहा कि लगभग पांच लाख की आबादी वाले क्षेत्र के लिए यह आनंद और उल्लास का अवसर है। दशकों से डिग्री कॉलेज की मांग की जा रही थी। उन्होंने कहा कि कॉलेज की शुरुआत हो चुकी है और इसके समुचित विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को दलगत भावना से ऊपर उठकर सहयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम को डीपीओ बाबू राम, उप प्रमुख मो. इस्राइल, जिला परिषद सदस्या अनीता कुमारी, विजय चंद्र घोष, शिवशंकर राय समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया। मंच संचालन अमित कुमार और मो. असलम ने संयुक्त रूप से किया।
कॉलेज के उद्घाटन से बिस्फी क्षेत्र में शिक्षा के नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है और स्थानीय लोगों में इसे लेकर खासा उत्साह देखा गया।
