8 माह का रिपोर्ट कार्ड को जनता के बीच पेश किया विधायक माधव आनंद, विकास कार्यों की गिनाईं उपलब्धियां
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
मधुबनी। राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप के दौर के बीच मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक माधव आनंद ने अपने कार्यकाल के आठ माह का रिपोर्ट कार्ड जारी कर विकास कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने रखा। उन्होंने दावा किया कि बीते आठ महीनों में केवल घोषणाएं ही नहीं, बल्कि कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को धरातल पर आगे बढ़ाने की दिशा में ठोस पहल की गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी ओर से किए गए प्रत्येक दावे के समर्थन में विभागीय पत्राचार और आधिकारिक दस्तावेज उपलब्ध हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से सार्वजनिक किया जाएगा।

विधायक माधव आनंद ने कहा कि जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता के प्रति जवाबदेह होना है। इसी सोच के तहत उन्होंने अस्पतालों में मरीजों के इलाज, बिजली, पेयजल, प्रशासनिक सहयोग, गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता तथा हजारों छोटी-बड़ी जनसमस्याओं के समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया।
उन्होंने बताया कि मधुबनी के लंबे समय से लंबित रेलवे गुमटी संख्या-13 पर रेल ओवरब्रिज (ROB) निर्माण के लिए रेलवे, रेलवे बोर्ड, RITES और राज्य सरकार के साथ लगातार समन्वय किया गया। इसके परिणामस्वरूप व्यवहार्यता अध्ययन, डीपीआर और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। वहीं निधि चौक से रेलवे स्टेशन तक सड़क चौड़ीकरण के लिए वन विभाग की एनओसी अंतिम चरण में है, जबकि हनुमान मंदिर से रेलवे गुमटी-13 तक सड़क के उन्नयन के लिए रेलवे से आवश्यक अनुमति भी प्राप्त हो चुकी है। इसके अलावा मधुबनी रिंग रोड, कोतवाली चौक-एनएच-57 सड़क तथा कनकपुर-जगतपुर सड़क परियोजनाओं को भी गति मिलने का दावा किया गया।
शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी विधायक ने कई योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वाटसन स्कूल परिसर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना, वाटसन स्कूल को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने, मिथिला हाट, एमएसएमई एक्सटेंशन सेंटर, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP), डिग्री कॉलेज और सरकारी छात्रावास जैसी योजनाओं पर लगातार काम किया जा रहा है। वहीं पंडौल औद्योगिक क्षेत्र के विकास और नए निवेश प्रस्तावों पर भी विभागीय स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
शहरी और ग्रामीण आधारभूत संरचना को लेकर उन्होंने बताया कि सिंघानिया चौक और आर.के. कॉलेज क्षेत्र में सड़क एवं नाला निर्माण योजनाएं स्वीकृत होकर प्रगति पर हैं। पंडौल में पुरानी कमला नदी की उड़ाही, खजूरी पंचायत की वितरिका नहर, नगर निगम के लिए अतिरिक्त राशि, 100 सबमर्सिबल पंप, BUDCO की स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना तथा उग्रनाथ महादेव मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था जैसे विषयों पर भी पहल की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण योजनाओं की शुरुआत कराई गई है।
औद्योगिक विकास का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि सकरी, रैयाम और लोहट चीनी मिलों के पुनर्जीवन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार सकरी और रैयाम चीनी मिलों के पुनः संचालन को राज्य सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि लोहट चीनी मिल के पुनर्संचालन की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा लगभग 19.73 करोड़ रुपये की लागत से अटल कला भवन, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, सिंचाई, पर्यटन और दरभंगा एयरपोर्ट से बेहतर सड़क संपर्क जैसी परियोजनाओं पर भी कार्य जारी है।
विधायक ने स्पष्ट किया कि यह रिपोर्ट केवल प्रमुख उपलब्धियों का संक्षिप्त विवरण है। कई योजनाएं अभी विभिन्न विभागों में प्रक्रियाधीन हैं और कई परियोजनाएं स्वीकृति एवं निविदा की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा के मानसून सत्र की समाप्ति के बाद विस्तृत प्रेस वार्ता कर सभी योजनाओं की अद्यतन स्थिति और आगामी विकास कार्यों की जानकारी जनता के सामने रखी जाएगी।
रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए विधायक माधव आनंद ने कहा कि विकास की यात्रा अभी अधूरी है और बहुत कुछ किया जाना बाकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और विश्वास के बल पर मधुबनी के समग्र विकास की दिशा में उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।

Pahle purane yojnaon ko sambhal lijiye ,wahi kafi hai,pura sahar talab bna hua hai,8 mahine me ek jal nikasi ki samuchit yojna tak nhi bana paye Vikas kya khak hoga,sahar ke sare nale road se 1.5 fit uncha hai,ulti ganga behti hai,sarak ka pani nale me nhi,nale ka pani hi sarak par bahta hai