मधुबनी में 7 नवस्वीकृत डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन, डीएम आनंद शर्मा बोले- शिक्षा से बदलेगा समाज
मधुबनी, 15 जुलाई। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को राज्य के नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन किया। इसी क्रम में मधुबनी जिले के 7 नवस्वीकृत डिग्री कॉलेजों का भी शुभारंभ किया गया। जिले के खुटौना प्रखंड स्थित नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालय के उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी आनंद शर्मा मुख्य रूप से शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो पूरे परिवार, समाज और क्षेत्र की तस्वीर बदल सकती है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति जागरूकता और समर्पण की भावना विकसित करने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा के प्रति पूर्ण समर्पण समाज के लिए सबसे बड़ा योगदान है।
समारोह को झंझारपुर के सांसद रामप्रीत मंडल ने भी संबोधित किया और उच्च शिक्षा के विस्तार को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री द्वारा जिन सात महाविद्यालयों का उद्घाटन किया गया, उनमें खजौली, बासोपट्टी, बिस्फी, हरलाखी, फुलपरास, खुटौना और लौकही के नवस्वीकृत डिग्री महाविद्यालय शामिल हैं।
उद्घाटन कार्यक्रमों में विभिन्न स्थानों पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया। खुटौना में उप विकास आयुक्त सुमन प्रसाद साह, लौकही में जिला पंचायत राज पदाधिकारी राकेश कुमार झा, खजौली में अपर समाहर्ता (जिला लोक शिकायत निवारण) राजेश कुमार, फुलपरास में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) संतोष कुमार, बासोपट्टी में अपर समाहर्ता (राजस्व) मुकेश रंजन तथा बिस्फी में जिला परिवहन पदाधिकारी रामबाबू उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या मौजूद रही। उद्घाटन के साथ ही इन महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होने की उम्मीद जताई गई।
