15 जुलाई से शुरू होगा मधुबनी के नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र, डीएम आनंद शर्मा ने तैयारियां पूरी करने के दिए निर्देश
मधुबनी, 12 जुलाई 2026:
जिले में नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों के शुभारंभ एवं शैक्षणिक सत्र प्रारंभ करने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया है।
बताया गया कि आगामी 15 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री, बिहार के द्वारा भागलपुर से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के 211 नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों का शुभारंभ एवं शैक्षणिक सत्र प्रारंभ किया जाएगा। इस अवसर को उच्च शिक्षा के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रम के रूप में मनाया जाएगा।

डीएम आनंद शर्मा ने निर्देश दिया है कि नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के लिए सभी आधारभूत एवं प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने महाविद्यालय भवन, परिसर, कक्षाओं की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, शौचालय, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर, कार्यालय संचालन की सामग्री, कंप्यूटर, इंटरनेट एवं अन्य आईटी सुविधाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक कार्य समय सीमा के अंदर पूरे किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को 14 जुलाई तक तैयारियों की व्यक्तिगत समीक्षा कर लंबित कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया है। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने को कहा है।
नवस्थापित महाविद्यालयों के शुभारंभ से जिले के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
