महादलित टोलों में 15 दिनों तक चलेगा आयुष्मान कार्ड निर्माण अभियान, डीएम आनंद शर्मा ने दिए निर्देश, वरीय उप समाहर्ता ज्योति रानी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया
Report:- Mithila Tak News
मधुबनी, 11 जुलाई 2026: आयुष्मान भारत योजना एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड से सभी पात्र लाभार्थियों को जोड़ने के लिए मधुबनी जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति टोलों में बचे हुए पात्र लाभार्थियों का कार्ड बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जिलाधिकारी के निर्देश के अनुसार 21 जुलाई 2026 से अगले 15 दिनों तक विकास मित्रों के माध्यम से महादलित टोलों में विशेष अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड एवं आयुष्मान वय वंदना कार्ड का निर्माण किया जाएगा। अभियान के लिए वरीय उप समाहर्ता ज्योति रानी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
डीएम ने बताया कि आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक की मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। वहीं 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना आयुष्मान वय वंदना कार्ड से जोड़ा जाना है।
अभियान के दौरान पंचायत स्तर पर अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति टोलों में पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनका कार्ड बनाया जाएगा। जरूरतमंद लाभार्थी नजदीकी सीएससी सेंटर पर जाकर भी आयुष्मान कार्ड बनवा सकेंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अभियान में लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले कर्मियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिला क्रियान्वयन इकाई आयुष्मान भारत को तकनीकी सहयोग और नए यूजर आईडी निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
