बिस्फी में आम के पेड़ से लटका मिला 18 वर्षीय युवक का शव, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
रिपोर्ट:- चन्द्र मोहन चौधरी
बिस्फी, मधुबनी:-
बिस्फी थाना क्षेत्र के सादुल्लहपुर पंचायत स्थित गो टोली के पास एक आम के बगीचे में शनिवार सुबह 18 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

मृतक की पहचान नरौछ गांव निवासी सोनू कुमार झा (18), पिता गुणेश्वर झा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने सुबह आम के बगीचे में युवक का शव पेड़ से लटका देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल बिस्फी थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही बिस्फी थानाध्यक्ष अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक छानबीन के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक ने नीले रंग की जींस और काले रंग की शर्ट पहन रखी थी। उसके गले में लाल रंग का गमछा बंधा हुआ था। पुलिस के अनुसार शव पर प्रथम दृष्टया किसी बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
