इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर भारतीय मित्र पार्टी का हमला, राष्ट्रीय अध्यक्ष धनेश्वर महतो ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
मधुबनी। भारतीय मित्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री धनेश्वर महतो ने प्रेस वार्ता कर इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (E20) को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने से वाहनों के माइलेज पर असर पड़ सकता है और इंजन खराब होने का खतरा भी बढ़ सकता है। उन्होंने सरकार से इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की।
धनेश्वर महतो ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के एक बयान का जिक्र करते हुए कहा कि आम आदमी बड़ी मेहनत से पैसे जोड़कर गाड़ी या घर का सपना पूरा करता है, लेकिन सरकार की नीतियों से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने के पीछे बड़े उद्योगों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने पेट्रोल पंपों पर मिलावट की शिकायतों का भी मुद्दा उठाते हुए कहा कि आम जनता को यह समझ नहीं आता कि शिकायत कहां और किसके पास करें। उन्होंने सरकार से पेट्रोल-डीजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
भारतीय मित्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने केंद्र सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि इथेनॉल मिश्रण और पेट्रोलियम व्यवस्था पर किसी भी मंच पर बहस के लिए पार्टी तैयार है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता की समस्याओं की अनदेखी का असर सरकार को चुनाव में भुगतना पड़ सकता है।
प्रेस वार्ता के दौरान महिला सेल की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती बीना देवी, प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार महतो, युवा जिला अध्यक्ष उमेश कुमार भंडारी, रामबाबू चौधरी, संकट सेल के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद आलम, मोहम्मद जावेद और दिलीप महतो सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
