मध्यमंत्रा फाउंडेशन ने खजूरी पंचायत में 350 सेनेटरी पैड वितरित किए, मासिक धर्म स्वच्छता पर किया जागरूक
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
मधुबनी:- मध्यमंत्रा फाउंडेशन के नेतृत्व तथा मधुबनी नगर विधायक माधव आनंद के सहयोग से मधुबनी विधानसभा क्षेत्र में दूसरी बार महिलाओं एवं किशोरियों के बीच सेनेटरी पैड वितरण एवं मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन खजूरी पंचायत में रखा गया जहां करीब 350 सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। साथ ही महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियां अपनाने तथा संक्रमण से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।

फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि यह अभियान प्रत्येक माह चलाया जाता है। इसका उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म के प्रति जागरूक बनाना, पीरियड्स से जुड़ी सामाजिक झिझक और भ्रांतियों को दूर करना तथा सुरक्षित एवं स्वच्छ तरीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज भी समाज में कई महिलाएं और किशोरियां पीरियड्स जैसे प्राकृतिक विषय पर खुलकर बात करने से हिचकिचाती हैं। मासिक धर्म एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है और इसे लेकर किसी प्रकार की शर्म या संकोच नहीं होना चाहिए। इसी सोच को बदलने के लिए मध्यमंत्र फाउंडेशन लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है।
इस अवसर पर फाउंडेशन की संचालिका किरण झा के अलावा सुनीता गुप्ता, किरण वर्मा, मनीषा लाल तथा सरोज झा उपस्थित रहे।
