मधुबनी में पांच महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ, विकास को मिलेगी नई रफ्तार
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
मधुबनी:-
माधव आनंद ने मधुबनी विधानसभा क्षेत्र में पांच महत्वपूर्ण सड़क निर्माण योजनाओं का शुभारंभ किया। इन योजनाओं के पूरा होने से हजारों लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

शुभारंभ की गई योजनाओं में गांधी चौक से कंजर टोली, भच्छी स्टेडियम चौक से महादलित टोला, मकसूदा से पासवान टोल, एमएमजीएसवाई रोड से झखराही तथा खजूरी मेडिकल से महादलित टोला तक सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर विधायक माधव आनंद ने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास और अवसरों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं। बेहतर सड़क व्यवस्था से बच्चों की शिक्षा, किसानों की बाजार तक पहुंच, मरीजों को समय पर उपचार तथा ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को मजबूती मिलती है।

उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता मधुबनी विधानसभा के हर गांव, टोला और मोहल्ले तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। बिना किसी भेदभाव के सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनसुविधाओं का विस्तार कर एक समृद्ध और विकसित मधुबनी के निर्माण के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।
विधायक ने कहा कि जनता का विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और जनसेवा के संकल्प के साथ क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे भी गति दी जाती रहेगी। सड़क निर्माण योजनाओं के शुभारंभ पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
