माँ की डांट से नाराज नाबालिग मोबाइल टावर पर चढ़ी, 8 घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा.
बिस्फी के परसौनी गांव में प्रशासन और ग्रामीणों की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतरी किशोरी, परिजनों को सौंपी गई.
रिपोर्ट:- चन्द्र मोहन चौधरी
मधुबनी:- बिस्फी के पतौना थाना क्षेत्र के परसौनी गांव में शनिवार को एक नाबालिग लड़की के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से करीब आठ घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार, लड़की अपनी मां की डांट से नाराज होकर टावर पर चढ़ गई थी।

बताया जाता है कि किशोरी का किसी युवक से प्रेम प्रसंग था। मां ने उसे मोबाइल फोन पर बात करते देख डांट-फटकार लगाई, जिससे नाराज होकर वह गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना पर बीडीओ बसंत कुमार सिंह, सीओ संतोष कुमार सिंह, बीपीआरओ शेखर कुमार और पतौना थानाध्यक्ष अनुराग कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद लड़की सुरक्षित नीचे उतर आई।

इसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया। थानाध्यक्ष अनुराग कुमार ने बताया कि किशोरी को पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी गई है। साथ ही उसके माता-पिता को भी बेटी के साथ संवेदनशील और सकारात्मक व्यवहार करने की नसीहत दी गई।
