खुटौना उप डाकघर में डाक निरीक्षक एवं डाक अधिदर्शक का भव्य स्वागत
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
खुटौना, मधुबनी
खुटौना उप डाकघर में गुरुवार को फुलपरास अनुमंडल के डाक निरीक्षक दुर्गेश कुमार तथा डाक अधिदर्शक दिनेश प्रसाद यादव एवं विनोद राम के आगमन पर भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उप डाकपाल कुमार उदय ने मिथिला की पारंपरिक संस्कृति के प्रतीक मिथिला पाग एवं दोपट्टा भेंट कर अतिथियों का सम्मान किया।
कार्यक्रम में डाक विभाग के शाखा डाकपाल, सहायक शाखा डाकपाल, डाक अभिकर्ता संघ के अध्यक्ष विजय महतो एवं गणेश सिंह सहित बड़ी संख्या में विभागीय कर्मचारी एवं अभिकर्ता उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान डाक निरीक्षक दुर्गेश कुमार ने कार्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा कर्मचारियों से विभागीय कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्यालय के कार्य संचालन की समीक्षा करते हुए सभी कर्मियों को ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध डाक सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी कर्मचारियों को सेवा भावना एवं समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि विभाग की छवि और अधिक सुदृढ़ हो सके।

इस अवसर पर उपस्थित कर्मियों ने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, डाक सेवाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों को जानकारी दी। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
