बिस्फी अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मचारी से मारपीट, हथियारों के साथ चार गिरफ्तार
रिपोर्ट:- चन्द्र मोहन चौधरी
बिस्फी/मधुबनी। बिस्फी अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मचारी के साथ मारपीट, गाली-गलौज, भयादोहन तथा जान से मारने के प्रयास के आरोप में बिस्फी पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो रायफल, एक माउजर और एक पिस्टल भी जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, राजस्व कर्मचारी विजय कुमार के आवेदन पर बिस्फी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्वयं को भूस्वामी बताने वाले निलेश अग्रवाल तथा उसके तीन निजी अंगरक्षकों—संतोष कुमार सिंह, शिवेश कुमार और आदर्श कुमार—को गिरफ्तार कर लिया।

एफआईआर के अनुसार, 17 जून को निलेश अग्रवाल अपने निजी अंगरक्षकों के साथ बिस्फी अंचल कार्यालय पहुंचे और अपने आवेदन की स्थिति के बारे में पूछताछ करने लगे। राजस्व कर्मचारी विजय कुमार ने बताया कि आवेदन से संबंधित जानकारी नाजीर बाबू को उपलब्ध करा दी गई है। इसी बात पर निलेश अग्रवाल कथित तौर पर आक्रोशित हो गए और गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद निलेश अग्रवाल ने अपनी गाड़ी से राजस्व कर्मचारी को टक्कर मारकर जान से मारने का प्रयास किया। प्राथमिकी में सरकारी कर्मी पर दबाव बनाकर नाजायज तरीके से काम कराने का भी आरोप लगाया गया है।
डीएसपी अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों अंगरक्षक भाड़े पर रखे गए थे। उन्होंने कहा कि जब्त हथियारों के लाइसेंस रद्द कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जारी है।
