खुटौना के कारमेघ उत्तरी पंचायत में सहयोग शिविर, डीएम-एसपी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
👉50 से अधिक नए आवेदन हुए जमा, 32 में से 27 मामलों का मौके पर निष्पादन, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
मधुबनी, 16 जून।

खुटौना प्रखंड की कारमेघ उत्तरी पंचायत स्थित ललित नारायण +2 उच्च विद्यालय के सभागार में सोमवार को आयोजित सहयोग शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी आनंद शर्मा, पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार तथा शिविर में मौजूद एक बच्चे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, महिला समूहों की सदस्याएं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

शिविर के दौरान पंचायत से संबंधित पोर्टल पर प्राप्त 32 आवेदनों में से 27 का निष्पादन कर दिया गया। वहीं पूरे जिले की 386 पंचायतों से विभिन्न विभागों के लगभग 6,070 आवेदनों का भी समाधान किया जा चुका है। इसके अलावा शिविर में 50 से अधिक नए आवेदन प्राप्त हुए।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की और अधिकारियों को सभी शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराना, आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।

शिविर में ग्रामीणों ने जलजमाव की समस्या, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एमबीबीएस चिकित्सक की तैनाती, लौकहा में डिग्री कॉलेज की स्थापना सहित कई मांगें रखीं। जिलाधिकारी ने इन सभी मामलों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी वास्तविक भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि गलत जानकारी देकर आवेदन करने वालों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पंचायत एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों और कर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में अनावश्यक विलंब की साक्ष्य सहित शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की लापरवाही मिलने पर इसकी शिकायत अवश्य करें।
पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने भी ग्रामीणों को पुलिस सेवाओं और डायल-112 के माध्यम से मिलने वाली त्वरित सहायता की विस्तृत जानकारी दी।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी दी गई और प्राप्त आवेदनों पर कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ता दिखाई दिया।
जिले में सोमवार को कुल 26 पंचायतों, सभी 21 प्रखंड मुख्यालयों तथा सभी नगर निकायों के 15 वार्डों में भी सहयोग शिविर आयोजित किए गए, जहां जिला स्तरीय अधिकारियों की मौजूदगी में आम लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया।
