चहुटा सहयोग शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़, 25 आवेदन मिले, 12 शिकायतों का मौके पर निपटारा
रिपोर्ट:- चन्द्र मोहन चौधरी
बिस्फी/ मधुबनी:-
बिस्फी प्रखंड के चहुटा और बिस्फी पंचायत में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

बिस्फी पंचायत में अनुमंडल पदाधिकारी सारंग पाणि पांडेय, डीएसपी अमित कुमार, बीडीओ बसंत कुमार सिंह और सीओ संतोष कुमार सिंह मौजूद रहे। वहीं चहुटा पंचायत में डीपीआरओ राकेश कुमार झा, बीपीआरओ शेखर कुमार, बिस्फी थानाध्यक्ष अविनाश कुमार और मुखिया सुनील चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, भूमि विवाद और बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। चहुटा पंचायत में कुल 25 आवेदन जमा किए गए, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया।

प्राप्त शिकायतों में 9 वृद्धावस्था पेंशन और 2 बिजली विभाग से संबंधित थीं। इस दौरान ग्रामीणों ने चहुटा में पंचायत सरकार भवन निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। इस पर डीपीआरओ राकेश कुमार झा ने बताया कि निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर कर जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा।
शिविर में जेई रितेश कुमार, राजस्व पदाधिकारी सविता कुमारी, विद्युत कर्मी शिवशंकर प्रसाद, सरपंच हीरादास सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
