मधुबनी में MSME एक्सटेंशन सेंटर की बढ़ी उम्मीद, केंद्र ने शुरू की विभागीय प्रक्रिया
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
मधुबनी:-
मधुबनी में MSME (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) एक्सटेंशन/टेक्निकल सेंटर की स्थापना की उम्मीद बढ़ गई है। केंद्रीय MSME मंत्रालय ने प्रस्ताव पर विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे जिले के युवाओं, कारीगरों और छोटे उद्यमियों में उत्साह है।

मधुबनी के विधायक माधव आनंद ने बताया कि उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय MSME मंत्री जीतन राम मांझी से मुलाकात कर जिले में सेंटर खोलने की मांग की थी। उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए कहा था कि मिथिला क्षेत्र हस्तशिल्प, मधुबनी पेंटिंग और कुटीर उद्योग की समृद्ध परंपरा वाला क्षेत्र है, लेकिन तकनीकी मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग के अभाव में स्थानीय प्रतिभाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं।
विधायक के अनुसार मंत्रालय ने प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी है। सेंटर स्थापित होने पर युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण, कौशल विकास, उद्यमिता परामर्श और स्वरोजगार से जुड़ी सुविधाएं जिले में ही उपलब्ध होंगी। इससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के लिए पलायन में कमी आएगी।

माधव आनंद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि जल्द ही इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी मिलेगी।
