जानीपुर में 60 करोड़ की लागत से बनेगा 560 बेड का अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय, निर्माण कार्य तेज
रिपोर्ट:- चन्द्र मोहन चौधरी

जानीपुर (बिस्फी)।
बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड की ओर से बिस्फी प्रखंड के जानीपुर गांव में करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से 560 बेड क्षमता वाले अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। यह परियोजना बिहार राज्य अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय योजना के तहत बनाई जा रही है।
विद्यालय परिसर का निर्माण कनीज फातिमा वक्फ बोर्ड की लगभग पांच एकड़ भूमि पर होगा। परियोजना के तहत कुल पांच भवनों का निर्माण किया जाएगा। फिलहाल सबसे पहले चारदीवारी निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है, जिसके बाद मुख्य भवनों का निर्माण और तेज गति से आगे बढ़ेगा।
विद्यालय के निर्माण के बाद बिस्फी प्रखंड ही नहीं, बल्कि आसपास और दूरदराज के क्षेत्रों के अल्पसंख्यक समुदाय के छात्र-छात्राओं को आवासीय सुविधा के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा।

गौरतलब है कि इससे पहले इस आवासीय विद्यालय का निर्माण उसौथू डीह में प्रस्तावित था, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों, किसानों तथा पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल के विरोध के कारण वहां निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका था। इसके बाद परियोजना को जानीपुर स्थानांतरित किया गया।
अब जानीपुर में निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के अल्पसंख्यक समुदाय में खुशी का माहौल है। लोगों का मानना है कि इस विद्यालय के शुरू होने से शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी और स्थानीय छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
