स्टेडियम निर्माण का रास्ता साफ, प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण
रिपोर्ट: चन्द्र मोहन चौधरी
मधुबनी/ बिस्फी।
बिस्फी प्रखंड के नाहस-खंगरैठा में निर्माणाधीन आउटडोर स्टेडियम के निर्माण कार्य में अतिक्रमण के कारण आ रही बाधा को प्रशासन ने दूर कर दिया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर अतिक्रमित भूमि को जेसीबी की मदद से खाली कराया गया।

बताया गया कि पहले जारी नोटिस के बाद नौ अतिक्रमणकारियों ने स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटा लिया था। इसके बाद शेष अतिक्रमित भूखंड, जिस पर दिनेश ठाकुर और राजेंद्र यादव का कब्जा था, उसे प्रशासन ने अभियान चलाकर मुक्त करा दिया।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बिस्फी के अंचलाधिकारी संतोष कुमार सिंह, पतौना थानाध्यक्ष अनुराग कुमार, एसआई मिनू कुमारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
गौरतलब है कि नाहस-खंगरैठा में पूर्व विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल की अनुशंसा पर लगभग 2 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से आउटडोर स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना के तहत पेवेलियन, चहारदीवारी और खेल मैदान सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण किया जा रहा है।
