मधुबनी में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
मधुबनी, 11 जून 2026: जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले की शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, गतिशील और गुणवत्तापूर्ण बनाना था।

बैठक में मुख्य रूप से स्कूलों की आधारभूत संरचना, छात्र नामांकन, विद्यालय निरीक्षण, APAAR ID निर्माण, UDISE प्रोग्रेशन, FRS पंजीकरण, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की स्थिति और मध्याह्न भोजन योजना की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कुछ प्रखंडों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम न होने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि अगले सप्ताह से BEST+ App के माध्यम से ऑनलाइन निरीक्षण व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान छात्रों को उनके निर्धारित वर्ग और सेक्शन में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (BEO) को निर्देश दिया कि वे पिछले वर्ष की तुलना में कम नामांकन वाले क्षेत्रों की पहचान कर विशेष अभियान चलाएं, ताकि शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही, उन्होंने आधार सत्यापित छात्रों की APAAR ID प्राथमिकता के आधार पर बनाने और कमजोर प्रदर्शन वाले प्रखंडों को एक सप्ताह के भीतर UDISE प्रोग्रेशन का कार्य पूरा करने की समय-सीमा दी।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं की उपस्थिति, FRS पंजीकरण की धीमी गति और मध्याह्न भोजन योजना के सुचारू संचालन के लिए भी कड़े निर्देश दिए गए। अंत में, जिलाधिकारी ने सभी निर्माण कार्यों (भवन, शौचालय, बाउंड्री वॉल) में तेजी लाने और भूमि विवादों का शीघ्र निपटारा करने का आदेश दिया। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
