मधुबनी में विकास की नई रफ्तार: ₹8.82 करोड़ की लागत से पीसीसी सड़क और नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ
मधुबनी:-
बिहार के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और शहरी क्षेत्रों में यातायात व जल निकासी की समस्या को दूर करने की दिशा में गुरुवार को एक बड़ा कदम उठाया गया।

बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र कुमार ने मधुबनी शहर में 2.10 किलोमीटर लंबे पीसीसी (प्लेन सीमेंट कंक्रीट) पथ और अत्याधुनिक नाला निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। आरके कॉलेज मेन गेट से शुरू होकर किशोरी लाल चौक और संतूनगर चौक होते हुए बुबना उद्यान तक बनने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल लागत ₹8.82 करोड़ है। इस योजना के शुरू होने से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में भारी उत्साह है।
’NDA सरकार ने बिछाया सड़कों का जाल, बदला बिहार’
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि और पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र कुमार ने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि 2005 से पहले का दौर बिहार के इतिहास में ‘जंगल राज’ के रूप में जाना जाता था, जहां विकास पूरी तरह ठप था और सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी थीं।
मंत्री ने कहा, “आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कुशल नेतृत्व में एनडीए सरकार ने पूरे बिहार में सड़कों का जाल बिछा दिया है। हमारा लक्ष्य केवल सड़कें बनाना नहीं, बल्कि कनेक्टिविटी को बेहद सुगम और तेज करना है। इसी उद्देश्य के साथ सरकार जिला मुख्यालयों से राजधानी पटना की दूरी को कम करने पर काम कर रही है। जो सफर पहले पांच घंटे या उससे अधिक का होता था, उसे अब साढ़े तीन से चार घंटे में समेटने की योजना पर तेजी से अमल किया जा रहा है।” उन्होंने भरोसा जताया कि इस परियोजना के पूरा होने से मधुबनी शहर को जलजमाव की बारहमासी समस्या से मुक्ति मिलेगी।

सक्रियता की मिसाल: एक महीने में 26 जिलों का दौरा
अपने संबोधन में इंजीनियर शैलेंद्र कुमार ने अपनी कार्यशैली का जिक्र करते हुए बताया कि पदभार ग्रहण करने के मात्र एक महीने के भीतर उन्होंने बिहार के 38 में से 26 जिलों का तूफानी दौरा किया है। वे स्वयं हर क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को देख रहे हैं। उन्होंने यह भी साझा किया कि हाल ही में मधुबनी के विधायक माधव आनंद ने उनसे मुलाकात कर नगर के विकास और सड़क सुदृढ़ीकरण की मांग की थी, जिस पर विभाग ने तुरंत संज्ञान लिया।
एनडीए नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक अवसर पर क्षेत्र के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और एनडीए कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मधुबनी के सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव, MLC घनश्याम ठाकुर, भाजपा की वरिष्ठ नेता डॉ. किरण कुमारी झा, संजय पांडेय और देवेन्द्र प्रसाद यादव सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। सभी नेताओं ने एक सुर में कहा कि यह परियोजना मधुबनी के शहरी विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
