मधुबनी के सिंचाई मुद्दों को लेकर उपमुख्यमंत्री से मिले विधायक माधव आनंद, किसानों के हित में उठाई मांग
रिपोर्ट:- Mithila Tak News
पटना:-
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एवं मधुबनी विधायक माधव आनंद ने पटना में बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी से मुलाकात कर मधुबनी जिले की सिंचाई और जल प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं को उठाया।

माधव आनंद ने रहिका प्रखंड की खुजरी पंचायत के केशोपुर स्थित मुख्य नहर से निकलने वाली वितरिका (डिस्ट्रिब्यूटरी) नहर के शेष निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से हजारों किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।
इसके अलावा उन्होंने पंडौल प्रखंड क्षेत्र में पुरानी कमला नदी की उड़ाही (डी-सिल्टेशन) कर उसे नहर प्रणाली से जोड़ने का भी अनुरोध किया। उनका कहना था कि इससे जल संरक्षण, जल निकासी और सिंचाई व्यवस्था में सुधार होगा तथा किसानों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

विधायक ने दोनों योजनाओं से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन उपमुख्यमंत्री को सौंपते हुए क्षेत्र की जरूरतों और किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। इस पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने मामलों की विभागीय समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
माधव आनंद ने कहा कि वे मधुबनी विधानसभा क्षेत्र के किसानों, युवाओं और आम लोगों की समस्याओं के समाधान तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने सकारात्मक आश्वासन के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
