मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के वाहन पर पथराव मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
मधुबनी।

खजौली विधानसभा क्षेत्र के ठाहर गांव में बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री एवं स्थानीय विधायक अरुण शंकर प्रसाद के वाहन पर हुए पथराव और शीशा क्षतिग्रस्त करने के मामले में मधुबनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में 3 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। पुलिस के अनुसार घटना के मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे सुनील कुमार सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 5 जून को सड़क दुर्घटना में हुई एक व्यक्ति की मौत के बाद मंत्री अरुण शंकर प्रसाद 7 जून की शाम मृतक के परिजनों से मिलने ठाहर गांव पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने वहां मौजूद महिलाओं को उकसाकर मंत्री के वाहन के सामने विरोध प्रदर्शन कराया। आरोप है कि इसी क्रम में कुछ लोगों ने मंत्री के वाहन पर पत्थर फेंके, जिससे वाहन का शीशा टूट गया। हालांकि घटना में मंत्री पूरी तरह सुरक्षित रहे।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उप महानिरीक्षक, मिथिला क्षेत्र दरभंगा, पुलिस अधीक्षक मधुबनी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद खजौली थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचना और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर वीणा देवी, शीतला देवी, रंजू देवी, बद्री मंडल, विवेक कुमार यादव, राजदेव यादव और सुनील कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मधुबनी पुलिस ने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने तथा कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हिंसा और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
