*बिहार विधान सभा की शून्यकाल समिति की विभागीय बैठक आयोजित
*पथ निर्माण एवं ग्रामीण कार्य विभाग के लंबित एवं नए विकास कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा
पटना:-

शून्यकाल समिति के सभापति सह मधुबनी विधायक माधव आनंद की अध्यक्षता में सोमवार को पटना स्थित बिहार विधान सभा परिसर के विस्तारित भवन के समिति हॉल में बिहार विधान सभा की शून्यकाल समिति की विभागीय बैठकों का आयोजन किया गया। बैठक में पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग से जुड़े लंबित मामलों, जनहित के मुद्दों तथा विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान विशेष रूप से मधुबनी विधानसभा क्षेत्र से संबंधित लंबित सड़क निर्माण कार्यों, पुल-पुलिया योजनाओं तथा नए विकास कार्यों पर गंभीर चर्चा हुई। संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट समिति के समक्ष प्रस्तुत की और कार्यों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।

समिति के सभापति सह मधुबनी विधायक माधव आनंद ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तय समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क एवं आधारभूत संरचना बेहतर होने से आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि मधुबनी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे बिहार में सड़क, पुल-पुलिया एवं ग्रामीण आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाए, ताकि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
बैठक के दौरान माधव आनंद ने इस महत्वपूर्ण समिति की जिम्मेदारी सौंपने के लिए सम्राट चौधरी एवं बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने शून्यकाल समिति के सभी सदस्यों, पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों को बैठक में सहभागिता और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

बैठक में दोनों विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे तथा विभिन्न विकास योजनाओं एवं परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई।
