प्रेम प्रसंग में युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने बनाई विशेष टीम
MithilaTak News
मधुबनी, 20 मई 2026 :
राजनगर थाना क्षेत्र के मंगौनी गांव में मंगलवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान लदनियां थाना क्षेत्र के खजेडीह निवासी 28 वर्षीय निखिल झा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया गया है कि मृतक निखिल झा और आरोपी पक्ष के बीच पहले से परिचय था। मंगलवार रात एक लड़की को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान बलवंत झा और उसके सहयोगियों ने गोलीबारी कर दी। इसी दौरान एक गोली निखिल झा के गर्दन के पास लगी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की त्वरित जांच के निर्देश दिए। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है तथा गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं और एफएसएल टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य बताई जा रही है।
