मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर मधुबनी प्रशासन अलर्ट, जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश, अनुमंडल कार्यालय में हुई बैठक
मिथिला तक न्यूज
मधुबनी, 19 मई।
आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम क्षेत्र में जलजमाव की समस्या से बचाव एवं वर्षा जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय प्रकोष्ठ में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता उमेश कुमार भारती नगर आयुक्त, नगर निगम मधुबनी एवं चंदन कुमार झा अनुमंडल पदाधिकारी, मधुबनी सदर ने संयुक्त रूप से की। बैठक में बुडको (BUIDCo) के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में नाला सफाई, जल निकासी मार्गों की स्थिति तथा संवेदनशील इलाकों में संभावित जलजमाव की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में परियोजना निदेशक निवास प्रसाद, मुख्य महाप्रबंधक BUIDCo सुजीत कुमार मेहता, उप परियोजना निदेशक अनिल कुमार तथा कुर्मी इन्फ्रा इंडिया प्रा. लि. के प्रतिनिधि धीरेंद्र रावत सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी संबंधित एजेंसियों को मानसून शुरू होने से पहले आवश्यक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

अनुमंडल पदाधिकारी, चंदन कुमार झा ने कहा कि वर्षा के दौरान आम लोगों को जलजमाव से राहत दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में हर वर्ष जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, वहां विशेष निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
वहीं नगर आयुक्त, उमेश कुमार भारती ने कहा कि नगर निगम की टीम लगातार नालों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने में लगी हुई है। उन्होंने बताया कि शहर के संवेदनशील स्थानों की पहचान कर विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नगर आयुक्त ने लोगों से भी अपील की कि वे नालों में कचरा नहीं फेंके और स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
