हरलाखी के सढ गांव में आयोजित हुआ “सखी वार्ता” कार्यक्रम, महिलाओं को किया गया जागरूक
मिथिला तक न्यूज
मधुबनी, 19 मई।
महिला एवं बाल विकास निगम, मधुबनी के तत्वावधान में हरलाखी प्रखंड के सढ गांव पंचायत स्थित अल्पसंख्यक टोला में “सखी वार्ता” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकार, सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) एवं वन स्टॉप सेंटर (OSC) के कर्मियों के साथ मुखिया प्रतिनिधि, पंचायत सचिव, जीविका दीदी अधिकार केंद्र के कर्मी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं, बालिकाएं एवं पुरुष शामिल हुए।
इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, लैंगिक समानता, बाल विवाह निषेध, महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं और सरकारी सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा समाज में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
DHEW के लैंगिक विशेषज्ञ शिवराम मेहरा ने पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले “सहयोग शिविर” की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं ने अपनी समस्याएं और अनुभव भी साझा किए, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। “सखी वार्ता” कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल साबित हुआ।
