जयनगर के बेलही पूर्वी पंचायत में सहयोग शिविर, डीएम और एसपी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
मिथिला तक न्यूज
मधुबनी, 19 मई 2026
जयनगर प्रखंड के बेलही पूर्वी पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में जिलाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने भाग लेकर आमजन की समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, महिला समूहों की सदस्याएं एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। पंचायत स्तर पर आयोजित इस बहुविभागीय शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराना तथा प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना था।

शिविर में सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, आपदा प्रबंधन, शिक्षा, राजस्व, आपूर्ति एवं बाल विकास परियोजना सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई और आवेदन लिए गए। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान भारत योजना, टीकाकरण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी, वहीं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, इसलिए पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने लोगों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और कानून व्यवस्था मजबूत करने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। शिविर के दौरान कई लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन एवं शौचालय प्रोत्साहन योजना का लाभ भी प्रदान किया गया।

