नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति चुनाव की नई तिथि जारी
मिथिला तक न्यूज
पटना, 19 मई 2026 :

बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव को लेकर नया आदेश जारी किया है। विभाग के सरकार के अपर सचिव मनोज कुमार द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि पूर्व में जारी अधिसूचना के तहत चुनाव प्रक्रिया 15 अप्रैल 2026 से 25 अप्रैल 2026 तक पूरी की जानी थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था।

अब राज्य सरकार ने पुनः चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने का निर्णय लिया है। जारी निर्देश के अनुसार राज्य के सभी नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति का चुनाव 26 मई 2026 से 31 मई 2026 तक कराया जाएगा।
विभाग ने सभी जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) को निर्देश दिया है कि निर्धारित तिथि के भीतर चुनाव कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। साथ ही पूर्व में जारी आदेशों के अन्य निर्देश यथावत लागू रहेंगे।
