👉हथियार तस्करी नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार, डकैती की साजिश नाकाम
👉अवैध हथियार के साथ चार अपराधी गिरफ्तार, 2 देशी पिस्टल व 1 कट्टा बरामद
मिथिला तक न्यूज
मधुबनी :

जिले के साहरघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार तस्करी और डकैती की साजिश का खुलासा किया है। पुलिस ने अवैध हथियार के साथ चार अपराधियों को गिरफ्तार कर एक संभावित डकैती की घटना को समय रहते निष्फल कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 02 देशी पिस्टल, 01 देशी कट्टा, 20 हजार रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान लोरिका निवासी अभिषेक कुमार मंडल, दरभंगा के बहेरी थाना क्षेत्र निवासी मोनू कुमार, मुजफ्फरपुर के कटरा थाना क्षेत्र निवासी प्रियांशु कुमार उर्फ सुमित तथा साहरघाट निवासी रमेश कुमार पासवान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अभिषेक कुमार और मोनू कुमार के खिलाफ पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार तस्करी और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 16 मई की रात साहरघाट थाना पुलिस को सूचना मिली कि बिशनपुर मुख्य सड़क पर ग्रामीणों ने तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ रखा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से तीनों युवकों को अपने अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे रमेश कुमार पासवान से हथियार खरीदने आए थे। मोनू कुमार ने बताया कि उसने दो देशी पिस्टल के बदले 20 हजार रुपये दिए थे तथा शेष 35 हजार रुपये बाद में देने की बात हुई थी। इसके बाद सभी ने मिलकर एक घर में डकैती की योजना बनाई थी। इसी दौरान पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ और रमेश कुमार हथियारों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। शोरगुल सुनकर ग्रामीणों ने तीनों युवकों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने तत्काल रमेश कुमार के घर पर छापेमारी की, लेकिन वह वहां नहीं मिला। अगले दिन गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने भूतनाथ मंदिर के पास स्थित गाछी से रमेश कुमार पासवान को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से दो देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में रमेश कुमार ने स्वीकार किया कि वह अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करता है तथा डकैती की योजना में उसके साथ अन्य चार लोग भी शामिल थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और हथियार तस्करी नेटवर्क के अन्य संपर्कों का पता लगाने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

इस मामले में साहरघाट थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
