झाड़ी में मिली नवजात बच्ची को मिला नया जीवन, जिला प्रशासन ने पहुंचाया सुरक्षित आश्रय तक
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
मधुबनी:- जिले के अरेर थाना क्षेत्र के माधवापट्टी गांव में झाड़ी में परित्यक्त अवस्था में मिली एक नवजात बच्ची को जिला प्रशासन एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की मदद से नया जीवन और सुरक्षित आश्रय मिला। स्थानीय निवासी मोहम्मद अनीश ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए बच्ची को अपने घर ले जाकर उसकी देखभाल की और तुरंत प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम सक्रिय हुई और बच्ची का रेस्क्यू कर चिकित्सकीय जांच कराई। इसके बाद बाल कल्याण समिति के आदेश पर बच्ची को विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान (SAA) मधुबनी में सुरक्षित रखा गया।
संस्थान परिसर में बच्ची के स्वागत में भावनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों एवं कर्मियों ने तालियों और केक काटकर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सहायक निदेशक नितेश कुमार पाठक ने कहा कि हर बच्चे को सुरक्षित बचपन, स्नेह और संरक्षण का अधिकार है।
जिला प्रशासन ने मोहम्मद अनीश की संवेदनशीलता की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
