रेलवे गुमटी संख्या-13 पर ROB निर्माण को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री से मिले मधुबनी विधायक, शीघ्र स्वीकृति का मिला आश्वासन
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
मधुबनी/नई दिल्ली, 16 मई।
मधुबनी नगर विधायक माधव आनंद ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर रेलवे गुमटी संख्या-13 पर उत्पन्न गंभीर यातायात समस्या को लेकर चर्चा की। इस दौरान विधायक ने गुमटी संख्या-13 पर रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) निर्माण की मांग करते हुए विस्तृत प्रतिनिधित्व सौंपा।

विधायक ने रेल मंत्री को बताया कि उक्त रेलवे गुमटी मधुबनी क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। गुमटी बंद रहने के कारण अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे आम लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों एवं व्यवसायियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यातायात बाधित होने से क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं।
विधायक ने जनहित को ध्यान में रखते हुए रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ROB निर्माण होने से लोगों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी, दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने विधायक की बातों को गंभीरता से सुनते हुए मामले में सकारात्मक पहल और शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

विधायक ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार बिहार और मिथिला क्षेत्र के आधारभूत संरचना विकास के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।
