.नीलाम पत्र वादों के जल्द निष्पादन का डीएम आनंद शर्मा ने दिया निर्देश
.जन शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन पर डीएम ने जताई नाराजगी
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
मधुबनी, 14 मई।
जिलाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में डीआरडीए सभागार में जिला स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अंतर्विभागीय समन्वय, विकास योजनाओं के लिए भूमि उपलब्धता, जन शिकायतों तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने नीलाम पत्र वादों के त्वरित निष्पादन का निर्देश देते हुए कहा कि सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी बड़े राशि वाले कम से कम पांच मामलों का चयन कर शीघ्र कार्रवाई करें।

उन्होंने जनता दरबार, सीपीग्राम, मुख्यमंत्री जनता दरबार, सूचना का अधिकार, मानवाधिकार एवं उच्च न्यायालय से संबंधित मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समय सीमा में निष्पादित करने का निर्देश दिया। समीक्षा में पुलिस, राजस्व, शिक्षा एवं आईसीडीएस विभाग में सबसे अधिक आवेदन लंबित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई।
बैठक में 19 मई से शुरू होने वाले पंचायत स्तरीय “सहयोग शिविर” को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पंचायतों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने पथ निर्माण विभाग को सड़क निर्माण में बाधक पेड़ों एवं बिजली पोल हटाने के लिए वन एवं बिजली विभाग से समन्वय करने को कहा।

उन्होंने अतिक्रमण से जुड़े सभी मामलों को मधुबनीफास्ट पोर्टल पर अपलोड करने तथा योजनाओं के लिए उपलब्ध भूमि पर शीघ्र कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। बैठक में डीडीसी सुमन प्रसाद साह, अपर समाहर्ता मुकेश रंजन झा, सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
