बिस्फी में ग्राम कचहरी सचिवों की बैठक: त्रिलोक नाथ बने अध्यक्ष, जीवन सहनी उपाध्यक्ष चुने गए
मधुबनी:-
बिस्फी प्रखंड मुख्यालय परिसर में ग्राम कचहरी सचिवों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दिलीप कुमार पंडित ने की, जिसमें प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से जुड़े ग्राम कचहरी सचिवों ने भाग लिया। बैठक के दौरान सचिवों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें मुख्य रूप से ग्राम कचहरी सचिवों का मानदेय बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने, सचिव पद को स्थायी करने तथा कार्यकाल को 60 वर्ष की आयु तक बढ़ाने की मांग शामिल रही।

बैठक में सर्वसम्मति से पुरानी कमेटी को भंग कर नई कमेटी के गठन का निर्णय लिया गया। इसके बाद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई। चुनाव में त्रिलोक नाथ साह और रोहित मंडल के बीच सीधा मुकाबला हुआ। मतदान के जरिए हुए इस चुनाव में त्रिलोक नाथ साह को कुल 14 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी रोहित मंडल को 6 मत ही मिल सके। इस तरह त्रिलोक नाथ साह को ग्राम कचहरी सचिव संघ का नया अध्यक्ष चुना गया।
चुनाव के बाद संगठन के अन्य पदों पर भी नियुक्ति की गई। जीवन सहनी को उपाध्यक्ष तथा मनीश कुमार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवगठित कमेटी के गठन के बाद उपस्थित सदस्यों ने सभी पदाधिकारियों को बधाई दी और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में रोहित मंडल, उदय कुमार, प्रियंका कुमारी, संगीता कुमारी सहित कुल 20 ग्राम कचहरी सदस्यों की उपस्थिति रही। सभी ने एकजुट होकर सचिवों के अधिकारों और मांगों को लेकर आगे संघर्ष करने की बात कही।
