मिथिला तक न्यूज, मधुबनी
नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आरोपी आदर्श चौधरी गिरफ्तार, महिला थाना की त्वरित कार्रवाई
मधुबनी:-
जिला के घोघरडीहा थाना क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक मामले में महिला थाना कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी आदर्श चौधरी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, कांड संख्या 20/26 के तहत दिनांक 1 मई 2026 को महिला थाना में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पीड़िता के पिता द्वारा आवेदन देकर आरोप लगाया गया था कि उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर शादी का झांसा दिया गया और उसके साथ यौन शोषण किया गया। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना अध्यक्ष रीणा भारती ने तुरंत संज्ञान लेते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम में पुलिस अवर निरीक्षक शोभा कुमारी, सहायक अवर निरीक्षक रंजु देवी, पीटीसी सुनीता कुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। टीम ने मामले की छानबीन करते हुए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। लगातार प्रयासों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने घोघरडीहा थाना क्षेत्र से आरोपी आदर्श कुमार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

महिला थाना अध्यक्ष रीणा भारती ने बताया कि नाबालिगों के साथ होने वाले अपराधों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है और मामले को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि इस तरह की किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और अपराधियों को कानून के दायरे में लाया जा सके।
