मधुबनी नगर निगम सशक्त स्थायी समिति की बैठक: विकास योजनाओं को मिली रफ्तार, स्ट्रीट लाइट, सड़क-नाला निर्माण और ऑनलाइन टैक्स व्यवस्था पर मुहर
रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
मधुबनी:-
नगर निगम में शनिवार को मेयर अरुण राय की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर के विकास और प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती, उपमेयर अमानुल्लाह खान सहित समिति के सदस्य निराला देवी, आशीष झा, जमील अंसारी, अरुण कुमार और विभा देवी समेत अन्य उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि से हुई, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।

इसके बाद नगर निगम बोर्ड द्वारा पहले से स्वीकृत विभिन्न विकास योजनाओं की प्रशासनिक मंजूरी पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति और आगामी प्रक्रिया को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। शहर के विस्तारित क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगाने पर सहमति बनी। साथ ही, पंचवटी चौक से सदर अस्पताल सड़क और पंचवटी चौक से जलधारी चौक तक सड़क एवं नाला निर्माण कार्य का टेंडर हो जाने की जानकारी दी गई जिसका जल्द हो निर्माण कार्य शुरू होगी।
बैठक के दौरान एक संवेदनशील मुद्दे पर भी चर्चा हुई। कृष्णभूषण कुमार की हत्या के बाद उनकी पत्नी को किए गए भुगतान पर घटनोत्तर स्वीकृति का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सभी सदस्यों ने सहानुभूति व्यक्त करते हुए सकारात्मक रुख अपनाया।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए टोइंग मशीन खरीदने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी। सदस्यों का मानना है कि इससे अवैध पार्किंग पर नियंत्रण लगेगा और यातायात व्यवस्था सुचारु होगी।
नगर निगम के राजस्व को सुदृढ़ करने के लिए संपत्ति कर और व्यवसाय अनुज्ञप्ति शुल्क को ऑनलाइन प्रणाली से जोड़ने पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों के अनुसार, इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिकों को भुगतान में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, लंबित वार्ड पार्षदों को लैपटॉप उपलब्ध कराने की योजना को लेकर निविदा में जाने की जानकारी दी गई ताकि सभी पार्षदों को लैपटॉप जल्द ही सौंपा जाएगा जिससे कार्यों के निष्पादन में तकनीकी दक्षता लाई जा सके।
बैठक के अंत में मेयर अरुण राय ने सभी प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और शहर के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
