रिपोर्ट: मिथिला तक न्यूज
मधुबनी, 24 अप्रैल 2026:
जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय संगठित साइबर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, साइबर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के कुछ लोग लौकहा रेलवे स्टेशन के पास ऑनलाइन नौकरी देने के नाम पर लोगों से ठगी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने सशस्त्र बल के साथ मौके पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान लौकहा रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित एक मकान से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नौशाद आलम, मो. नजीबुद्दीन, मो. अनस और मो. तनवीर आलम के रूप में हुई है, जो सभी अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे ऑनलाइन नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे ठगते थे। तलाशी के दौरान उनके पास से 7 मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड, 20 एटीएम कार्ड और 5 ग्राहक रजिस्टर बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने सभी बरामद सामान को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार आरोपियों को थाना लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में साइबर थाना मधुबनी में मामला दर्ज कर जांच जारी है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन नौकरी या अन्य किसी भी ऑफर के नाम पर किसी अज्ञात व्यक्ति को पैसे न दें और सतर्क रहें।
