रिपोर्ट:- मिथिला तक न्यूज
मधुबनी, 24 अप्रैल 2026:
जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना को लेकर शुक्रवार को मधुबनी शहर में जागरूकता का माहौल देखने को मिला। वॉटसन स्कूल से भव्य जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, एनसीसी कैडेट्स और आम नागरिक शामिल हुए।

इस दौरान नगर निगम क्षेत्र में स्व-गणना के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली वॉटसन स्कूल से शुरू होकर स्टेशन परिसर और महिला कॉलेज होते हुए पुनः वहीं आकर समाप्त हुई।
कार्यक्रम में मेयर अरुण राय, अपर समाहर्ता मुकेश रंजन झा, नगर आयुक्त उमेश भारती सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। रैली के दौरान लोगों ने नारे लगाकर स्व-गणना के महत्व को बताया और आम नागरिकों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

अधिकारियों ने अपील की कि 1 मई तक चलने वाली स्व-गणना प्रक्रिया में सभी लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सही जानकारी देकर जनगणना को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि इससे सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।
